बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुई दो अधिकारियों की हत्या के मामले में भागे चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू व उसके सगे भाई शिवम प्रताप सिंह को एसओजी व पुलिस टीम ने सोमवार देर रात फिरोजाबाद जिले से गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस अभय को लेकर बदायूं के मूसाझाग इलाके में पहुंची। पुलिस जब असलहा बरामद करने की कार्रवाई कर रही थी तभी अभय ने पिस्टल से फायर कर दिया। इससे एक सिपाही को गोली लग गई। जवाब में पुलिस की फायरिंग से दोनों पैरों में घुटने के पास गोली लगने से अभय घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी व घायल सिपाही को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में कोर्ट में पेश किया, जहां से अभय और शिवम को देर शाम जेल भेज दिया गया।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पुलिस टीम ने 13/14 अप्रैल की रात जिला फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र से अभय प्रताप सिंह और उसके भाई शिवम प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को पूछताछ के लिए थाना मूसाझाग लाया गया, जहां विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान अभय ने अवैध असलहों के बारे में जानकारी दी।
प्रभारी निरीक्षक मूसाझाग पुलिस टीम के साथ आरोपी अभय को उसकी निशानदेही पर असलहा बरामद कराने के लिए ग्राम सैजनी के पास ले गए। इसी दौरान आरोपी अभय ने छिपाया गया तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया, जिससे आरक्षी प्रशांत कुमार घायल हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी अभय के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी अभय प्रताप सिंह और सिपाही प्रशांत कुमार को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। बाद में पुलिस ने आरोपी अभय और शिवम को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस मुठभेड़ में घायल अभय प्रताप सिंह, जिला अस्पताल में भर्ती। स्रोत- पुलिस
पुलिस मुठभेड़ में घायल अभय प्रताप सिंह, जिला अस्पताल में भर्ती। स्रोत- पुलिस
पुलिस मुठभेड़ में घायल अभय प्रताप सिंह, जिला अस्पताल में भर्ती। स्रोत- पुलिस