बदायूं। जिले में मंगलवार को शांतिपूर्वक मतदान हुआ, लेकिन कुछ इलाकों में पुलिस को भीड़ हटाने के लिए लाठी फटकारनी पड़ी। इस दौरान पुलिस पर मतदाता सूची छीनने और मारपीट करने का आरोप लगा। इस्लामनगर में सपा और भाजपा के समर्थक आमने-सामने आ गए। नारेबाजी हुई। सपा प्रत्याशी आदित्य यादव को करीब एक घंटा मतदान केंद्र के बाहर समर्थकों के संग सड़क पर रहे।
ककराला कस्बे में मंगलवार सुबह मतदान चल रहा था। तीन महिला बीएलओ मतदान केंद्र के अंदर बैठी थीं। आरोप है कि उसी दौरान आई पुलिस ने लाठी फटकारते हुए लोगों को दौड़ा दिया। कुछ युवकों को पीठ पर डंडे लगे हैं। वह मौके से भाग गए। अंदर मौजूद बीएलओ ने उन्हें बाहर निकालने और मारपीट का भी आरोप लगाया। इधर इस्लामनगर कस्बे में उच्च प्राथमिक स्कूल के बाहर तमाम युवा भीड़ लगाए खड़े थे। सूचना पर इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने डंडा फटकारते हुए भीड़ को दौड़ा दिया।
आदित्य यादव मौके पर पहुंच गए। वह काफी देर तक मतदान केंद्र के अंदर रहे। भाजपा कार्यकर्ता विनोद शास्त्री भी पहुंच गए। उन्होंने सपा प्रत्याशी को बाहर निकालने के लिए नारेबाजी कर दी। इससे सपा प्रत्याशी तो बाहर निकल आए, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही मतदाता सूची छीनने का आरोप लगाया। वह करीब एक घंटा तक बाहर सड़क पर खड़े रहे। मतदान समाप्त होने के बाद ही मौके से रवाना हुए।
मतदान केंद्र में जबरन घुसे तीन युवक, पुलिस ने पकड़कर पीटा
आसफपुर। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के दबथरा गांव मंगलवार दोपहर आराम से मतदान चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान तीन युवकों ने जबरन बूथ में घुसने की कोशिश की। यह देखकर दूसरे दल के एजेंट ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। इससे सेक्टर मजिस्ट्रेट और अर्ध सैनिक बल मौके पर पहुंच गया। जब सेक्टर मजिस्ट्रेट ने इसके बारे में सुना तो उन्होंने तीनों युवकों को पकड़ने के निर्देश दिए। इस पर अर्ध सैनिक बल के जवानों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी, जिससे मौके पर खलबली मच गई। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। संवाद
सपा के एजेंट पर मतदाताओं को भगाने का आरोप
म्याऊ। उसावां थाना क्षेत्र के गांव रिजोला के मझरा निताई नगला में कुछ मतदाताओं ने सपा एजेंट पर उन्हें भगाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसकी पुलिस को भी सूचना दी। इस पर दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह और राणा प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर और पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बताते हैं कि मतदान स्थल से करीब 120 महिला पुरुष मतदाता लौट गए थे। बाद में उन्हें बुलाया भी गया था लेकिन फिर वह मतदान करने नहीं आए। संवाद
पुलिस ने दौड़ाई भीड़ तो जमीन पर बैठ गए सपा प्रत्याशी
सहसवान। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे प्रमोद इंटर कॉलेज के बाहर काफी भीड़भाड़ लगी थी। इससे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को दौड़ा दिया और वहां मतदान केंद्र के नजदीक पड़े दलों के बिस्तर हटवा दिए। बताते हैं कि इसकी सूचना पर पहुंचे सपा प्रत्याशी आदित्य यादव ने भीड़ को खदेड़ने और बस्ता हटवाने का विरोध किया। इससे वह वहीं पर जमीन पर बैठ गए। कुछ देर तक वह जमीन पर बैठे रहे। उसके बाद वहां से उठकर चले गए। संवाद
फैजगंज बेहटा में सपा-भाजपा समर्थकों में गालीगलौज, पुलिस ने खदेड़ा
फैजगंज बेहटा। कस्बे में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे सपा और भाजपा समर्थकों के बिस्तर पड़े थे। दोपहर के समय वोटरों की पर्चियां निकालने को लेकर दोनों पार्टियों के समर्थकों में कहासुनी हो गई। बाद में उनमें गालीगलौज हो गई। मारपीट की जब नौबत आई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को दौड़ा दिया। सपा समर्थकों ने पुलिस पर बिस्तर हटवाने का आरोप लगाया है। उन्हाेंने इसकी शिकायत सपा प्रत्याशी से भी की है। इस गालीगलौज का एक वीडियो भी सामने आया है। संवाद
अलापुर पुलिस ने 12 लोगों को पकड़कर थाने में बैठाया
अलापुर। वैसे तो थाना क्षेत्र में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। कुछ जगह भीड़ हटाने को पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से पुलिस ने 12 लोगों को पकड़ लिया। उन्हें पकड़कर थाने में बैठा दिया। हालांकि उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उन्हें मतदान के बाद छोड़ दिया गया। इस बार क्षेत्र में 50 प्रतिशत ही मतदान हुआ जबकि पिछली बार 55 प्रतिशत मतदान हुआ था। संवाद