कछला। गंगा किनारे आरती स्थल के पास लगी भोले के शृंगार के बाजार पर पुलिस ने रविवार अचानक सख्ती दिखा दी। पुलिस कर्मियों ने डंडे फटकार कर दुकानदारों को मौके से खदेड़ दिया। इस दौरान कई दुकानदारों को सामान समेटना भी मुश्किल हो गया।
आरती स्थल के पास भोले के शृंगार के सामान की करीब दो दर्जन दुकानें कांवड़ मेला शुरू होने पर लगीं थीं। उस वक्त पुलिस समेत नगर पंचायत प्रशासन ने उन्हें दुकानें लगाने से रोकने की कोशिश भी नहीं की। रविवार दोपहर घाट के आसपास अतिक्रमण से कांवड़ियों को दिक्कत बताते हुए पुलिस कर्मी बाजार में पहुंच गए। उन्होंने दुकानदारों को आधा घंटे में दुकानों का सामान समेटकर ले जाने का अल्टीमेटम दे डाला।
दो- तीन दुकानदारों ने पुलिस के रुख को देखते ही सामान समेटना शुरू कर दिया, लेकिन अधिकतर दुकानदारों ने यह कहते हुए सामान समेटने से इंकार कर दिया कि जहां पर दुकानें लगी हैं, वह जगह रेलवे की है। रेलवे ने ही ठेकेदार के जरिये उन्हें जगह आवंटित की थी। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने दुकानदारों की एक नहीं सुनी।
डंडे फटकार कर उन्हें मौके से खदेड़ दिया गया। दुकानदारों की मानें तो वह हर साल ही आरती स्थल के पास दुकानें लगाते हैं। पुलिस कर्मियों ने कार्रवाई के दौरान उनके साथ अभद्रता भी की। इसे लेकर कछला चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि दुकानें लग जाने से बाजार में तमाम तरह के लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। चूंकि बाजार दूसरे स्थान पर लगता है, सो दुकानदारों को उसी तरफ भेज दिया गया है।