सदर कोतवाली में खड़े बहार हुसैन के हत्यारोपी। स्रोत:पुलिस
- फोटो : संवाद
बदायूं। सदर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को बहार हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
शहर के घंटाघर इलाके में एक अगस्त की रात खंडसारी निवासी बहार हुसैन पर चार हमलावरों ने जानलेवा हमला किया था। वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बहार हुसैन के बहनोई मुज्जमिल हुसैन ने खंडसारी मोहल्ले के फराज उर्फ सलमान, अकरम, तारिक व शहबाजपुर के हसनैन उर्फ बाबा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो अगस्त को फराज कुरैशी व चार अगस्त को अकरम को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस बीच पांच अगस्त को बहार हुसैन की बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गिरफ्तारी मांग को लेकर परिजनों ने छह सड़का पर जाम भी लगाया था। वहीं, पुलिस ने जानलेवा हमले में दर्ज मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर बृहस्पतिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। कोर्ट के समक्ष पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया है। सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि शेष बचे दो आरोपियों को जेल भेजा है। आगे की तफ्तीश जारी है।