जहर खुरान का शिकार रामनिवास।संवाद
वजीरगंज। दिल्ली से लौट रहा युवक कौशांबी डिपो की बस में जहरखुरानी का शिकार हो गया। बस के परिचालक ने उसे वजीरगंज में उतार दिया। गनीमत रही चौराहे पर उसे चाय वाले ने पहचान कर घर सूचना दे दी। होश आने पर युवक ने बताया कि जहरखुरान उसका बैग ले गए। उसमें 85 हजार रुपये, मोबाइल, कपड़े आदि थे।
गांव ब्योली निवासी रामनिवास (23) दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में रहकर ठेकेदारी का कार्य करता है। शुक्रवार रात 12 बजे कौशांबी डिपो की बस में सवार होकर अपने घर ब्योली वजीरगंज आ रहा था। रामनिवास के परिवार वालों ने बताया कि होटल पर उसने खाना खाया, उसके बस में सवार हो गया। रास्ते में वह जहरखुरानी का शिकार हो गया। नशे की हालत में वजीरगंज के बिल्सी चौराहे पर सुबह सात बजे बस के परिचालक ने उसे उतार गया। गनीमत रही कि चाय वाले ने उसे पहचान कर फोन से घर सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद परिवार वाले मौके पर पहुंचे। निजी अस्पताल में उसका इलाज करवाया। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि रोडवेज बस चालक की तलाश कर उससे पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।