महीनों से दिक्कत में मोहल्लेवासी, गिरने की स्थिति में विद्युत पोल
सड़क पर रहता है जलभराव, शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी हालत
शहर के मुख्य मार्ग स्थित मोहल्ला गढैया शहबाजपुर के बाशिंदों के घरों में महीनों से गंदा पानी पहुंच रहा है। सड़क के किनारे पर पाइप लाइन लीकेज होने से समस्या बनी है। इसके जद में आए विद्युत पोल भी निरंतर रिसाव से कमजोर होता जा रहा है, जो कभी भी गिरकर हादसे का सबब बन सकता है। इतना ही नहीं गलियों में जलभराव की समस्या से भी लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं।
सुनील गुप्ता, ईशु रस्तोगी, अभिषेक गुप्ता, राहुल साहू, राजकुमार, मुकेश झा, बृजेश श्रीवास्तव, विजय मिश्रा, नितिन वर्मा, मुनीष श्रीवास्तव, संजय शर्मा, दिनेश वर्मा, पोशाकी लाल, छत्रपाल और वीरेंद्र मौर्य कहते हैं कि इस समस्या को लेकर कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें जिला प्रशासन स्तर तक कीं, लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया। बताया कि पाइप लाइन के पास गड्ढा बन गया है। जलभराव के दौरान नालियों का गंदा पानी भी इस गड्ढे में चला जाता है और साफ पानी के साथ मिलकर घरों तक पहुंचता है। कभी-कभी दुर्गंध भी आती है। उन्होंने इस समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है।