दबतोरी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के दबतोरी गांव में बृहस्पतिवार को रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
एक पक्ष के भोले का आरोप है कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे उसका भाई भूपेंद्र दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने गालीगलौज कर लाठी-डंडों से मारपीट की। बचाने पहुंचे परिजनों को भी पीटा गया। भोले और अंजलि के सिर में खुली चोटें आई, जबकि भूपेंद्र और शीतल को भी चोटें लगी। वहीं, दूसरे पक्ष के गौरव माहेश्वरी ने चार साल पुराने 55 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट का आरोप लगाया। उसका कहना है कि झगड़े में उसे और बीचबचाव करने पहुंचे चचेरे भाई अविनाश को चोटें आईं। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद