राशन उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
- फोटो : बदायूं/उत्ततर प्रदेश्ा
नरऊ निवासी राशन उपभोक्ताओं का शुक्रवार को कोटेदार के खिलाफ गुस्सा सड़क पर आ गया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कोतवाली पहुंचे उपभोक्ताओं ने कोटेदार की शिकायत भी की। उन्होंने कम राशन देने का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
पूर्वाह्न में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जुटे नरऊ निवासी उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके गांव के उपभोक्ताओं का अटैच्डमेंट अढौली की दुकान से है। कोटेदार ने कई माह से पूरा राशन नहीं दिया है। इसकी शिकायत उन्होंने सप्लाई विभाग के अफसरों से भी की लेकिन किसी ने गौर नहीं किया। ग्रामीणों ने सप्लाई इंसपेक्टर और कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी भी की। आरोप है कि कोटेदार शिकायत करने पर झगड़ने लगता है।
उपभोक्ता अस्पताल परिसर में ही धरना देने को बैठ गए। कई उपभोक्ता हालांकि ब्लॉक कार्यालय भी शिकायत करने के लिए गए लेकिन उन्हें बीडीओ नहीं मिल पाए। धरना करीब दो घंटे तक चला। बाद में वह खुद ही उठ कर चले गए। उन्होंने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर डीएसओ कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों में महावीर सिंह, छोटेलाल, रमले, ओमपाल, महेंद्र सिंह, नीरज, कैलाश सिंह, दिनेश पाल, विमला, रेनू, नीलम, रामऔतार और वेदपाल आदि शामिल थे।