जगत में जल भराव के विरोध में तिरंगा लेकर विरोध जताते गांव के लोग। संवाद
जगत। ब्लॉक मुख्यालय नई बस्ती अहिल्याबाई नगर में ब्लॉक गेट के पास पिछले कई दिन से दो से तीन फुट जलभराव होने से लोगों का आवागमन मुश्किल है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया।
समस्या से परेशान होकर समाजसेवी डॉ. महेंद्र सिंह बघेल हाथ में तिरंगा लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने कहा कि जब बार-बार शिकायतों और अधिकारियों का ध्यान दिलाने के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो अब क्षेत्रवासियों के पास आंदोलन के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं बचा है।
गौरतलब है कि आईजीआरएस शिकायत की जांच में एडीओ (पंचायत) ने स्वीकार किया है कि संबंधित सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2025-26 की जीपीडीपी कार्ययोजना में शामिल नहीं था। वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पोर्टल पर फीड होने और धनराशि उपलब्ध होने के बाद कार्य कराया जाएगा।
बीडीओ लटूर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने जिलाधिकारी से आवश्यक अनुमति के लिए पत्र लिख दिया है। अनुमति मिलते ही सड़क निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में डॉ. महेंद्र सिंह बघेल, मुनेश पाल, राकेश, अमित, मुकेश, माखन, अनेक पाल, मुनीश, अनिल, धर्मेंद्र, हीरालाल आदि शामिल रहे।