बदायूं। शहर के मोहल्ला नेकपुर के लोगों को अब 24 घंटे पानी की आपूर्ति देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए जल निगम की ओर से पायलट प्रोजेक्ट के तहत काम शुरू कराया जा रहा है।
योजना में ऑडिटोरियम परिसर में एक नया नलकूप बनाया जाएगा, जबकि डीएम आवास के पीछे ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। दोनों को आपस में जोड़कर मोहल्ले में पानी की आपूर्ति को बेहतर किया जाएगा।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से शहर के सभी इलाकों में लोगों को तय समय पर ही पानी की आपूर्ति मिल पाती है। शासन के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों से एक-एक वार्ड को पायलट प्रोजेक्ट के तहत शामिल किया गया था। इसके तहत जिले से नगर पालिका का नेकपुर चुना गया है। योजना के तहत ऑडिटोरियम में नलकूप तैयार किया जाएगा। यहां से पानी को ओवरहेड टैंक तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, डीएम आवास के पीछे प्रस्तावित ओवरहेड टैंक में पानी का भंडारण किया जाएगा। इसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से नेकपुर के घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। संवाद