बदायूं। बिजली आपूर्ति को लेकर आमजन से लेकर किसान तक बेहाल हैं। मनमानी कटौती के विरोध में शहर के मढ़ी चौक मोहल्ले के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। कोतवाली के सामने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत किया। उधर, बिल्सी में धान की फसलें सूखने के कगार पर हैं, इसके विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया।
शहर के मोहल्ला जोगीपुरा, नेकपुर, जिला अस्पताल रोड़, शिवपुरम, गोपी चौक, मथुरिया चौक समेत पूरे शहर में ट्रिपिंग से लोग बेहाल रहे। वहीं बिल्सी में भी किसानों ने हंगामा करते हुए बिजली की पूरी आपूर्ति देने की मांग की। लक्ष्मीपुर में बीस दिन से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। लक्ष्मीपुर में सोमवार रात बिजली लाइन से केबल जलकर गिर गई। बड़ा हादसा होने से बच गया। मूसाझाग के कौर मझारे में किसान परेशान हैं। फसलें सूख रहीं हैं।
किसान बोले- 12 के बजाय छह घंटे मिल रही बिजली आपूर्ति
बदायूं। क्षेत्र स्थित कौर मझाला गांव के कृषि फीडर के लिए 12 घंटे का शेड्यूल लागू है पर आपूर्ति छह घंटे मिल रही है। इसमें भी ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या है। वोल्टेज 400 से कम नहीं आना चाहिए, लेकिन 300 तक ही मिल रहे हैं। इसके चलते मोटर नहीं चल पाता। मोटर फुंकने का भी खतरा रहता है। कौर गांव के किसान बिजेंद्र कश्यप ने बताया कि बिजली भरपूर नहीं मिलने की वजह से से धान की पूरी रोपाई नहीं हो सकी है। मझारा गांव के निवासी राजू ने बताया कि अधिकारियों के दावे से आधी बिजली मिल रही है। संवाद
चलती बिजली लाइन से जलकर गिरी केबल
दबतोरी। आसफपुर विद्युत उपकेंद्र से गांव लक्ष्मीपुर को बिजली आपूर्ति दी जा रही है। ग्राम प्रधान सफी अहमद के घर के पास मंगलवार सुबह अचानक चलती बिजली लाइन में आग लग गई। केबल जलकर जमीन पर गिर गई। बड़ा हादसा होने से टल गया, गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई गुजर नहीं रहा था अन्यथा बड़ा हादसा संभव था। ग्रामीणों द्वारा विद्युत केबल को मकान से बांधकर रास्ता शुरू कराया। शाम तीन बजे तक कोई भी विद्युत कर्मचारी केबल देखने तक नहीं पहुंचा। इसी गांव में पंचायत घर के पास 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जो करीब 20 दिन से फुंका हुआ है। ग्रामीणों के शिकायत करने के बावजूद बदला नहीं गया है। इस ट्रांसफार्मर से करीब 50 घरों में अंधेरा है। 400 लोग गर्मी में पसीना बहाने को मजबूर हैं। निसार खां द्वारा बताया गया कि कई बार शिकायत कर दी, लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है। संवाद
कंट्रोल रूम पर ताला डालकर किसानों ने जताया विरोध
बिल्सी। बिजली कटौती से सूख रहीं फसलों को देखकर गुस्साए कई गांवों के किसानों ने मंगलवार को विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही कंट्रोल रूम में ताला डालकर आपूर्ति भी बंद कर दी। साथ ही उच्चाधिकारियों से बिजली आपूर्ति निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कराने की मांग की। मिश्रीपुर मुकईया कृषि फीडर पर पिछले कई दिनों से बिजली की आपूर्ति तीन-चार घंटे ही मिल रही है। इसकी वजह से किसानों की खेतों में खड़ी धान, शिवालिक, मक्का और बाजरा आदि की फसल सूख रही हैं।
इससे गुस्साए क्षेत्र के गांव अगोल, मिश्रीपुर मुकईया, सुकटिया, कुदरनी, नगरिया आदि गांवों के किसान मंगलवार को विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक चले प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने कंट्रोल रूम में ताला डालकर आपूर्ति बंद कर दी। इससे नगर क्षेत्र की बिजली काफी देर तक बाधित रही। बाद में यहां जेई दिनेश कुमार और थाने से कुछ फोर्स पहुंचा। ग्रामीणों को समझाया कि शीघ्र आपूर्ति में सुधार किया जाएगा। साथ ही लोकल स्तर पर हो रहे फाॅल्टों को ठीक कराया जाएगा। इससे किसान शांत हो गए। इस मौके पर शिवओम शर्मा, पुजारी, कल्याण सिंह, हरप्रसाद, आफीसर, यादराम, गुड्डू, एजाज अहमद, संजीव कुमार, लखपत सिंह, नीरज कुमार, नन्हे सिंह, मोहित कुमार, सुरेश चंद्र आदि किसान मौजूद रहे। संवाद
24 घंटे में ही जमीन से हटवाकर खंभे पर लगवाया ट्रांसफार्मर
जरीफनगर। क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली में रोड किनारे काफी समय से जमीन पर रखकर ट्रांसफार्मर चल रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा संभव था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए रविवार के अंक में अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद अफसर जागे और 24 घंटे के अंदर ही ट्रांसफार्मर को जमीन से उठाकर खंभे पर लगा दिया गया। संवाद
ओवरलोडिंग से कुछ स्थानों पर दिक्कत आ रही है। जहां कर्मचारी लापरवाही बरत रहे हैं वहां अधिकारियों को लगाम कसने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने के तुरंत बाद ही उतारकर ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। फसल को ध्यान में रखते हुए शेड्यूल के पालन के आदेश हैं। - अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता
बिल्सी में बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
बिल्सी में बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
बिल्सी में बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
बिल्सी में बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन करते किसान। संवाद