बिल्सी में छात्र की मौत के बाद आक्रोशित लोगों को समझाते प्रभारी निरीक्षक। संवाद
बिल्सी। छात्र की मौत के बाद लोग इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने बिल्सी सीएचसी को घेर लिया। लगभग 200 लोग बिल्सी थाना पुलिस के रोके रुक नहीं रहे थे। उनकी एक ही मांग थी कि हमें सोनू चाहिए। पुलिस उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कर रही थी बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कई थानों की पुलिस के अलावा पीएसी भी मौके पर बुलानी पड़ी।
बृहस्पतिवार की शाम जिस समय लोहे की चादर से छात्र की गर्दन कटी तो यह बात पूरे गांव में तेजी से फैल गई। इस हत्या का दोषी लोग सोनू को मान रहे थे। इसके बाद हर कोई सोनू को सबक सिखाना चाहता था। पुलिस कार्रवाई का आश्वासन दे रही थी, लेकिन लोग उसे खुद ही सजा देना चाह रहे थे। तीन घंटे तक लोगों ने अस्पताल को घेरकर रखा। इस बीच सोनू कमरे में बंद रहा। गनीमत रही कि जिस समय छात्र को अस्पताल लाया गया था उस दौरान वहां पर पुलिस थी, जिसके चलते सोनू बच गया। तीन घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी सोनू को हिरासत में ले लिया।
बिल्सी में छात्र की मौत के बाद आक्रोशित लोगों को समझाते प्रभारी निरीक्षक। संवाद