बदायू। जिले में रविवार को उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य व प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसको लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, या कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अपने साथ न ले जाए।
जिले में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें कुल 6854 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 09:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 02:30 से 04:30 बजे आयोजित की जाएगी। परीक्षा संचालन के लिए 18 सेक्टर और सात जोन बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक केंद्र व्यवस्थापक और एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, पुरुष व महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग तलाशी चैंबर, बायोमेट्रिक और स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त चार रिजर्व मजिस्ट्रेट कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे।
-
यह है परीक्षा केंद्र
राजकीय महाविद्यालय, एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज ब्लॉक ए व बी, गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज, केदार नाथ महिला इंटर कॉलेज, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, पीएमश्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज ब्लॉक ए व बी, सिंग्लर गर्ल्स इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज, एनए इंटर कॉलेज, प्रमोद इंटर कॉलेज, राधे लाल इंटर कॉलेज, संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज।
-
40 रोडवेज बसों को लगाया
-जिले में परीक्षा देने के लिए आ रहे अभ्यार्थियों को अपने गंतव्य जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसको ध्यान में रखकर 40 रोडवेज बसों को अतिरिक्त लगाया गया है। ऐसे में हर रूट पर बस को चलाया जाएगा। साथ ही जहां पर ज्यादा संख्या में अभ्यर्थी जा रहे हो। वहां के लिए सीधी बस भेजी जाएगी। हर 15 मिनट पर बस का संचालन होगा।
-
वर्जन
-सभी जगहों पर तैयारी पूरी है। अधिकारी, कर्मचारी को ड्यूटी के बारे में विस्तृत जानकारी दे दी गई है। नकल विहीन और शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा कराने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी केंद्रों पर पुलिस तैनात रहेगी। - अरुण कुमार, एडीएम प्रशासन