फोटो14बीडीएन29-अस्पताल में बिना मास्क के मरिजो को देखते डॉक्टर।संवाद
बदायूं। कोरोना संकट को देखते हुए सरकार ने सरकारी संस्थानों के अलावा अस्पतालों में कोविड गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि ओपीडी में आने वाले मरीजों के साथ ही स्टाफ को भी मास्क लगाना चाहिए, लेकिन जिला अस्पताल में कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। यहां मरीज तो छोड़ो डॉक्टर व अन्य स्टाफ ही मास्क नहीं लगा रहा है।
समीपवर्ती जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। इस वजह से कोविड अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। मंगलवार को शासन के निर्देश पर हुई मॉकड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना संक्रमित मरीजों को किस तरह से इलाज दिया जाए, इसका डेमो भी किया था।
कोविड अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की व्यवस्था भी देखी गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री की सख्ती के असर यहां दिखाई नहीं दे रहा है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित नहीं किया जा रहा है। जिला अस्पताल में ही कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है।
शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में दवाई लेने आए मरीज बिना मास्क के ही लाइन में लगे रहे। मरीजों को जो डॉक्टर देख रहे थे वह भी मास्क नहीं लगाए थे।
- जिला अस्पताल में कोविड गाइड लाइन का पालन शत प्रतिशत कराए जाने के निर्देश दिए हैं ओपीडी में डॉक्टर मास्क नहीं लगा रहे हैं तो उनका जवाब मांगा जाएगा। इमरजेंसी में भी मास्क लगाने को कहा गया है। - डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस जिला अस्पताल