बक्सेना रामलीला में दंगल में भिड़ते दो पहलवान। संवाद
म्याऊं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बक्सेना रामलीला मेला के दौरान चार दंगल भी आयोजित किया गया। रविवार शाम हुए मुकाबले में पहलवान परवेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजयसिंह को पटखनी देकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
रविवार शाम करीब पांच बजे शुरू हुए इस रोमांचक मुकाबले में आसपास के गांवों से आए लोग मौजूद रहे। मुकाबला शुरू होते ही दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर जोरदार दांव-पेचों का प्रदर्शन किया। पहले दौर में विजय सिंह बढ़त बनाते नजर आए लेकिन निर्णायक क्षणों में परवेज ने बेहतरीन तकनीक और फुर्ती दिखाते हुए बाजी पलट दी। आयोजक मंडल के सुधीर सिंह, जगपाल, महेश पाल सिंह और सुमित सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की पहलवान प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं लगातार आयोजित की जाती रहेंगी। विजेता परवेज को आयोजकों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।