उझानी में लगेंगे पार्किंग शुल्क बोर्ड
वसूली के लिए नगर पालिका ने उठाया कदम
तय रेट से अधिक वसूली करने पर होगी कार्रवाई
पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर रविवार को हुए विवाद के बाद पालिका प्रशासन ने तय रेट की लिस्ट प्रमुख स्थानों समेत चौक-चौराहों पर लगवाने का निर्णय किया है। रेट लिस्ट में भारी वाहन से 30, मेटाडोर से 15 और टेपों से 10 रुपये वसूली होगी। इससे अधिक वसूली करने पर पालिका प्रशासन कार्रवाई करेगा।
ईओ संजय कुमार तिवारी ने रेट लिस्ट को सार्वजनिक स्थानों पर लगवाने के लिए कर अनुभाग को निर्देशित किया। बताया-पार्किंग शुल्क तय रेट के अनुरूप वसूल किया जाए। ठेकेदार को भी अवगत करा दिया गया है। किसी ने भी निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली करने के लिए वाहन स्वामियों या फिर व्यापारियों को प्रताड़ित किया तो कार्रवाई की जाएगी। भारी वाहनों से माल की लोडिंग और अनलोडिंग पर 30 रुपया, मेटाडोर और उससे छोटे वाहनों से 15 रुपया, टेंपो से 10 रुपया वसूलने का प्रावधान है। रेट लिस्ट के बोर्ड दो-तीन दिन में बाइपास, मंडी समिति गेट और चौक-चौराहों पर लगवा दिए जाएंगे। बता दें कि रविवार को ठेकेदार के कारिंदों और टेंपो चालकों के बीच रेट को लेकर विवाद हो गया था। मामला कोतवाली भी पहुंचा लेकिन दोनों पक्ष ने आपस में बैठकर विवाद सुलझा लिया था।
00000000
पार्किंग शुल्क वृद्धि को कवायद शुरू
उझानी। पार्किंग शुल्क के लिए इस वक्त जो रेट चल रहा है, वह करीब एक दशक पहले तय हुआ था। उस दौरान पार्किंग शुल्क का ठेका काफी कम रकम में उठा करता था। साल दर साल बोली लगाने वालों की तादाद के साथ रकम में वृद्धि होती गई लेकिन शुल्क पहले जैसा ही बरकरार रहा। सहसवान, बिल्सी और बदायूं नगर पालिका क्षेत्र में शुल्क यहां के मुकाबले अधिक है। सूत्र बताते हैं कि रेट बढ़ाने के लिए पालिका आने वाले दिनों में वृद्धि का प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष ला सकती है। अगर ऐसा हुआ तो शुल्क में कई गुना वृद्धि हो जाएगी।