दातागंज (बदायूं)। पराली जलाने के मामले में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र में लेखपालों ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई से पराली जलाने वालों में खलबली मची है। अब तक दातागंज क्षेत्र में आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है। कई किसानों को नोटिस भेजे जाने के साथ-साथ उनसे जुर्माना भी बसूला जा चुका है।
तहसील क्षेत्र में पिछले दिनों पराली जलाने पर लेखपालों ने तीन किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही छह किसानों से जुर्माना भी वसूला गया था। सोमवार को एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह के निर्देश पर थाना उसावां क्षेत्र के गांव जस्मा के गजेंद्र सिंह मूल निवासी मेरठ, थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव ग्योतीधर्मपुर निवासी सूरजपाल, रामनिवास, महेश और बालकराम के खिलाफ लेखपाल की ओर से पराली जलाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई से पराली जलाने वालों में खलबली मची हुई है। लगातार चेतावनी और कानूनी कार्रवाई के बावजूद किसान पराली जलाना बंद नहीं कर रहे हैं।
पिछले महीने दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण काफी बढ़ गया था। देश के कई राज्यों में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। यह तथ्य सामने आया था कि पंजाब, हरियाणा व अन्य राज्यों में पराली जलाई जाने के कारण यह धुंध छायी हुई है। उसी से प्रदूषण हुआ है। कोर्ट ने पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के सरकारों को निर्देश दिए। यूपी सरकार ने भी सभी जिलाधिकारियों को पराली जलाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाने के निर्देश दिए थे।
पराली जलाने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार को हजरतपुर और उसावां क्षेत्र के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई है। सभी लेखपालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने हलके में पराली जलने पर ध्यान दें। ऐसा होने पर तुरंत कार्रवाई करें। - कुंवर बहादुर सिंह, एसडीएम दातागंज