बदायूं। अलापुर क्षेत्र के गांव कुपरी में रविवार को दो शावकों का पेड़ पर चढ़कर उछलकूद करते वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद से ही लोगों में दहशत है। सोमवार को टीम गांव में पहुंची और जांच पड़ताल के बाद तेंदुए के यहां होने से इन्कार किया। वहीं दहशत के कारण कम ही लोग खेतों की तरफ गए, जो लोग गए वह लाठी डंडे साथ में लेकर गए।
अलापुर थाना क्षेत्र के सखांनू कुपरी के जंगल में रविवार को एक पेड़ पर तेंदुए के शावकों का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दो शावक पेड़ पर चढ़कर खेलते दिख रहे हैं। वीडियो किसने बनाया और वायरल किया इसकी जानकारी वन विभाग की टीम को दी गई। दूसरे दिन टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर लौट आई।
बता दें कि मूसाझाग क्षेत्र में लगातार तेंदुआ दिखाई देने की बात किसान कहते आ रहे हैं। एक गोवंश को भी निवाला बनाया जा चुका है, लेकिन वन विभाग तेंदुआ होने की बात से इंकार करता आ रहा है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
टीम को भेजकर जानकारी कराई गई, लेकिन तेंदुआ व उसके शावक होने की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। टीम लगातार क्षेत्र में नजर बनाए हुए है।- प्रदीप कुमार, डीएफओ