उझानी (बदायूं)। ब्लॉक प्रमुख की सीट पर मंगलवार को भगवा परचम लहरा गया। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद रिटर्निंग ऑफीसर डॉ. एके जादौन ने निर्विरोध चुने गए भाजपा के हरवंश पहलवान को जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को फूलमालाओं से लाद दिया।
ब्लॉक प्रमुख के उपचुनाव में सोमवार को भाजपा के हरवंश पहलवान के अलावा किसी अन्य दावेदार ने पर्चा दाखिल नहीं किया था। इसके बाद से ही माना जाने लगा था कि उनका निर्विरोध चुना जाना तय है लेकिन नाम वापसी तक उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा नहीं हो पाई। मंगलवार को प्रमाण पत्र लेने पहुंचे हरवंश पहलवान के साथ सभासद सचिन अग्रवाल, रामप्रवेश यादव, जगदीश सिंह, नगर अध्यक्ष अखिल अग्रवाल, शिशुपाल सिंह शाक्य, मोनू शर्मा, पंकज सक्सेना आदि रहे।