बिसौली। शासन के निर्देशों के बावजूद कोतवाली क्षेत्र के गांव कालूपुर में विजय जुलूस निकाला गया। इस दौरान दो पक्षों में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इसमें चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर पथराव और फायरिंग करने वाले भाग गए। पुलिस घायलों को स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उनका मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है लेकिन इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
यह मामला सोमवार दोपहर बाद का है। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक गांव कालूपुर में विजयी उम्मीदवार सोमवार दोपहर बाद जुलूस निकाल रहा था। उसके समर्थक नारेबाजी करते हुए गांव में घूम रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक समर्थक ने खुशी में हवाई फायर कर दिया। यह बात दूसरे उम्मीदवार को नागवार गुजरी। इसके बाद दोनों पक्षों में गालीगलौज हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग असलहा लेकर आ गए। उन्होंने फायरिंग कर दी। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। पथराव में गांव के अंतराम, पिंटू, श्याम और धीरेंद्र घायल हुए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस चारों घायलों को स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उनका मेडिकल परीक्षण करा दिया। सोमवार शाम तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर देने की बात सामने नहीं आई है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ है। फायरिंग नहीं हुई है। इसमें तहरीर आने के बाद कार्रवाई होगी।
मतपेटिका बदलने का लगाया आरोप, चुनाव आयोग से शिकायत
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सरैरा निवासी उम्मीदवार फूल सिंह ने मतपेटिका में फेरबदल कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मतदान के दौरान एक पेटिका में 506 और दूसरी पेटिका में 484 वोट पड़े थे लेकिन जब मतगणना हुई तो प्रधान पद के 100 बैलेट पेपर ज्यादा निकले। जबकि बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पद के बैलेट पेपर नहीं बढ़े। उन्होंने फेरबदल कराने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। उनके अलावा गांव खजुरिया के तीन उम्मीदवारों ने भी मतगणना के दौरान वोट ज्यादा निकलने का आरोप लगाया है। इनमें विनोद कुमार, संजीव कुमार और रमेश ने शिकायत की है।