बदायूं। इस वर्ष धान खरीद तीन अक्तूबर से प्रारंभ होगी। पहले यह प्रक्रिया एक अक्तूबर से शुरू होनी थी, लेकिन एक और दो अक्तूबर को होने वाले अवकाश के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। प्रशासन और कृषि विभाग ने धान खरीद को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी तैयारियांं पूरी कर ली हैं।
जिले में कुल 37 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। शासन ने जिले को 37,000 मीट्रिक टन (एमटी) धान खरीद का लक्ष्य दिया है। किसानों को जागरूक करने के लिए विभाग ने कहा है कि वे धान बेचने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करें। रजिस्ट्रेशन करने वाले किसानों की जानकारी सीधे धान क्रय केंद्रों में उपलब्ध रहेगी। जिससे खरीद प्रक्रिया में समय की बचत होगी और किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। किसान अपने नाम, खेत और उपज के विवरण ऑनलाइन भरकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
-
मोटा अनाज व मक्का खरीद को बने 20 केंद्र
मोटा अनाज खरीदने के लिए अलग केंद्र बनाए गए हैं। बाजरा के लिए 16 केंद्र और मक्का के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। बाजरा के लिए 16,500 एमटी और मक्का के लिए 100 एमटी निर्धारित किया गया है।
पूरी की गई तैयारी
- सभी क्रय केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली गई है। तीन अक्तूबर से धान खरीद शुरू कर दी जाएगी। बारिश के कारण शुरुआत में केंद्रों पर एक सप्ताह तक धान की आवक होना मुश्किल है। - अतुल वशिष्ठ , जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी