यह है वैकल्पिक मार्ग। स्रोत विभाग
बदायूं। शहर में स्थित ओवरब्रिज पर 23 जून से मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनजर एक माह तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। ओवरब्रिज के एक्सपेंशन ज्वाइंट्स में बढ़े गैप और तकनीकी खामियां दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से काम किया जाएगा। इसके चलते ओवरब्रिज से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ओवरब्रिज के एक्सपेंशन ज्वाइंट्स काफी समय से क्षतिग्रस्त हैं। इनके बीच का गैप बढ़ने से वाहन चालकों को झटके लग रहे हैं। संरचना की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही थी। ऐसे में विभाग ने एक माह तक चलने वाले मरम्मत कार्य का कार्यक्रम तैयार कर लिया है। ओवरब्रिज बंद होने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी। सबसे अधिक असर रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों पर पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर दिए हैं ताकि यातायात सुचारु रखा जा सके।
दातागंज तिराहे से होकर गुजारे जाएंगे भारी वाहन
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, भारी वाहनों को मंडी समिति स्थित गौरी शंकर मंदिर तिराहे से मझिया बाइपास होते हुए डीपॉल स्कूल के पास दातागंज तिराहे से होकर गुजारा जाएगा। छोटे और मध्यम वाहनों के लिए अलग रूट तय किया गया है। ये वाहन गौरी शंकर मंदिर से विकास भवन, डीएम आवास, पीडब्ल्यूडी चौराहा, नेकपुर, अंडरपास और एसएसपी कार्यालय होते हुए कचहरी की ओर जाएंगे।
पुल की मरम्मत में करीब एक माह का समय लगेगा। इसके लिए 23 जून से काम शुरू होना है। राहगीरों, वाहन चालकों को परेशानी न हो। इसके लिए वैकल्पिक रोड की तैयारी की गई। इसके तहत दो रोड का चयन किया गया है। एक से भारी तो दूसरे से सामान्य वाहन निकाले जाएंगे। -नरेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग