बदायूं। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में गुरुवार सुबह दो चिकित्सकों के बीच जमकर विवाद हो गया। उनके बीच गाली गलौज हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों चिकित्सक एक-दूसरे से हाथापाई तक उतर आए। इससे इमरजेंसी में अफरातफरी मच गई। शोर शराबा सुनकर अस्पताल के कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई। बाद में दूसरे चिकित्सक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने मामला शांत कराया।
मामला गुरुवार सुबह करीब दस बजे का बताया जा रहा है। उस समय अस्पताल की इमरजेंसी में एक ईएमओ बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनके पास सत्ता से जुड़े कुछ नेता पहुंचे। इससे इमरजेंसी में उन्हें बैठने के लिए कुर्सियां कम पड़ गई। कुछ लोग बैठ गए तो कुछ लोग खड़े रह गए। ये देखते हुए चिकित्सक ने एक कर्मचारी को पड़ोस के कमरे में भेजा। कहा जाकर वहां से कुर्सी उठा लाओ। बताते हैं कि वहां पहले से बैठे एक चिकित्सक ने कुर्सी देने से मना कर दिया। उन्होंने कर्मचारी को डांट दिया। चर्चा है कि उन्होंने ये भी कह दिया कि अस्पताल को धर्मशाला बना दिया है। अस्पताल में मरीजों का इलाज होता है। जब ये बात ईएमओ के पास पहुंची तो उनसे रहा नहीं गया। वह इमरजेंसी रूम से निकलकर बाहर आ गए और उन्होंने बहस छेड़ दी। फिर क्या दोनों ओर से जुबानी जंग चल गई। उन्होंने एक-दूसरे को जमकर गालियां दीं। इससे इमरजेंसी में अफरातफरी मच गई। मामला यहां तक पहुंच गया कि उनके बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस पर कई कर्मचारी एकत्र होकर आ गए। सूचना पर अस्पताल के कई बड़े डॉक्टर पहुंच गए। उन्होंने बमुश्किल दोनों के बीच मामला शांत कराया। इस मामले में कोई तहरीर आदि नहीं दी गई है। दोनों चिकित्सकों के विवाद से अस्पताल में चर्चाओं का बाजार गर्म है।