बदायूं। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने गांव किसरुआ उपकेंद्र और बरातघर का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों परिसर में घास उगी हुई थी, साथ ही उपकेंद्र में भूसा और उपले भरे हुए थे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए मौके पर ही प्रधान की पावर सीज कर दी, साथ ही सचिव को निलंबित कर दिया और एसीएमओ से जवाब तलब किया है।
बुधवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह ने ब्लॉक जगत के गांव किसरुआ में बने बरातघर और उपकेंद्र का निरीक्षण किया। दोनों जगह पर पहुंचने का रास्ता न होने की वजह से डीएम को भी घनी बड़ी-बड़ी झाड़ियों से होकर स्वास्थ्य उपकेंद्र और बरातघर पहुंचना पड़ा। वहां दोनों ही स्थानों के परिसर में बड़ी-बड़ी घास उगी मिली। डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यहां तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाने व इसकी साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के अंदर देखा तो उनका पारा चढ़ गया। कहा कि जिस उप स्वास्थ्य केंद्र को जनता की चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए बनाया गया है, उसी में उपले और भूसा भर रखा था। डीएम ने ग्रामीणों से तुरंत इसे खाली करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी सरकारी भवन व भूमि पर अपने सामान को न रखें। वहीं प्रधान विमला देवी की पावर सीज करते हुए सचिव श्याम कश्यप को निलंबित कर दिया। वहीं एएनएम पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए इस मामले को अनदेखा करने पर एसीएमओ का जवाब तलब करने के निर्देश दिए हैं।