बदायूं। हाफिज सिद्दीकी इस्लामियां इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने मनमानी करते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर भर्ती संबंधी विज्ञापन निकाल दिया। ऐसे में नौकरी की चाह रखने वाले सैकड़ों बेरोजगारों ने आवेदन किए, जबकि इस समय नियुक्तियों पर रोक लगी हुई है और मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।
पूरे प्रदेश के इंटर कॉलेजों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रबंध समितियों व राज्य सरकार के बीच विरोध है। इसी को लेकर मामला हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट पहुंचा हुआ है। समूचे प्रदेश में सहायता प्राप्त व अल्पसंख्यक इंटर कॉलेजों में हजारों की संख्या में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद रिक्त चल रहे है, लेकिन बदायूं इस्लामियां कॉलेज के प्रधानाचार्य अब्दुल सुबूर खां ने भर्ती संबंधी विज्ञापन निकाल दिया। मामला जानकारी में होने पर शिकायतकर्ता सितारउद्दीन ने डीआईओएस से मिलकर पूरा मामला बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईओएस ने चार और पांच अगस्त को होने वाले साक्षात्कार पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया है।
इस्लामियां इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की गलत तरीके से भर्ती की जा रही थी। इस सिलसिले में मुझसे कोई परमिशन नहीं ली गई। इसलिए भर्ती पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
- राममूरत, डीआईओएस