उझानी (बदायूं)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक पंचायत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में हुई। यूनियन के नेताओं ने जननी सुरक्षा योजना के तहत अस्पताल में भर्ती होने वाली प्रसूताओं के तीमारदारों से वसूली का आरोप लगाते हुए गुस्से का इजहार किया।
जिला संगठन मंत्री रामकुमार शर्मा समेत यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अव्यवस्था हावी है। जननी सुरक्षा योजना के तहत अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को नर्सिंग स्टाफ निजी फायदे के लिए परेशान करता है। प्रसूताओं के तीमारदार अगर उन्हें आर्थिक फायदा नहीं पहुंचाए तो देखभाल भी नहीं की जाती। इसी तरह परिसर में शौचालय से लेकर वार्डों में गंदगी बढ़ गई है। कहा कि नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ सीएमओ को कार्रवाई करनी चाहिए। अफसरों ने गौर नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। पंचायत में बिजली कटौती और हाईटेंशन लाइन घरों के ऊपर से होकर गुजरने को लेकर पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों की निंदा की गई। किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। गन्ना बकाया भुगतान को लेकर कार्रवाई की मांग की गई। पंचायत में अनवीर सिंह, दुर्वेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, रामदास, लटूरी, नरायन कश्यप, केसरी लाल और रामस्वरूप आदि मौजूद थे।