दातागंज। दातागंज तहसील में एचपीसीएल के सैजनी प्लांट में दो अफसरों की हत्या के बाद तहसील प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। अब जांच में हजरत पुर में अतिक्रमण की जद में आईं 45 दुकानें खाली कराने के लिए कानूनगो और लेखपाल मौके पर पहुंचे तो एक बार फिर दुकानदारों में खलबली मच गई।
मंगलवार को 13 व्यापारियों ने एसडीम धर्मेन्द्र कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इन लोगों की मार्केट में 27 दुकानें हैं और 18 दुकाने भू स्वामी की हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अच्छी कीमत देकर दुकान की जगह खरीदी है। बुधवार को दुकानदार फिर एसडीएम से गुहार लगाने पहुंचे, लेकिन इस मामले में कार्रवाई जारी है।
निशान लगने के बाद अब इन्हें खाली कराने को कहा गया है। इधर, अतिक्रमण कारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी भी हो गई है। दुकानदारों को दुकानें ध्वस्त होने के डर सता रहा है।
व्यापारिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हजरतपुर के बाजार में सरकारी जमीन पर कब्जे होने की शिकायत ने कार्रवाई का रुख ले लिया है। तहसील प्रशासन ने कानून-गो के नेतृत्व में पैमाइश कराई है। हजरत पुर गौतरा रोड पर 27 दुकान व्यापारियों की और 18 दुकान भू स्वामी की चकरोड की जमीन में बनी पाई गईं। तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण की जद में आईं सभी 45 दुकानों को लाल निशान लगाकर चिह्नित कर दिया है।
मंगलवार को व्यापारी हरीश कुमार, अनिल वर्मा, कृष्ण अवतार, रामावतार, विनोद, परशुराम, सचिन गुप्ता, अंकित वर्मा, राजवीर व कप्तान ने बताया कि उन्होंने दुकानें जगह खरीद कर बनाई हैं। व्यापारियों की मांग है कि यदि उनकी दुकानें सरकारी जमीन पर बनी हुई हैं तो उन्हें बाजार लगवाने वाली जगह पर दुकानों के लिए जमीन दिलवाई जाए। दुकानों के विक्रेता स्वर्गीय गजेंद्र सिंह के पुत्र अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि जिस समय जमीन बेची गई थी तो सड़क से 60 फुट छोड़कर बेची गई थी। हमने सरकारी नियमों का पूरी तरह से पालन किया था।
अब कानूनगाे और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर दुकानें खाली करने को कहा है, ताकि ध्वस्तीकरण हो सके। अतिक्रमण के मामले में सभी 45 दुकान संचालकों पर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की तैयारी भी हो रही है।
हजरतपुर में 45 दुकानें ग्राम समाज की भूमि पर बनी मिली हैं। जांच चल रही है। इस मामले में दुकान खाली कराने के साथ ही रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। -धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज