बदायूं। उपभोक्ता फोरम ने एक साल पहले दायर वाद में विपक्षी दिल्ली की वासुदेव लाइफ कवर प्राइवेट लिमिटेड को वादी देवेंद्र कुमार को 1.74 लाख रुपये व छह प्रतिशत ब्याज देने का आदेश दिया है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव असरासी निवासी देवेंद्र कुमार गुप्ता ने उपभोक्ता फोरम में 31 जुलाई 2023 को परिवाद दायर किया था। बताया कि उसने दिल्ली की बासु देव लाइफ कवर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से पांच मशीनें खरीदी थीं। जिसका उसने 2.50 लाख रुपये अदा किया था। मशीनें आईं तो दूसरी कंपनी की थीं। चलाकर देखीं तो बहुत कमी पाई गई। मशीनों को वापस भेज दिया गया।
भेजी गई मशीनों की कीमत 75 हजार थी। उसने कंपनी से अपने बचे हुए 1.74 लाख रुपये वापस मांगे, जो नहीं दिए। पीड़ित ने परिवाद उपभोक्ता फोरम में दायर किया। विपक्षी की सेवा में कमी पाए जाने पर फोरम के अध्यक्ष संजीव यादव व सदस्य अनीता ने परिवादी को 1.74 लाख रुपये छह प्रतिशत ब्याज की दर से देने का आदेश दिया है। साथ ही वाद खर्चा के दो हजार रुपये भी देने को कहा गया है।