बिल्सी। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के बीए प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जून कर दी है। अब अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं ने अब तक प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन नहीं किया है, वे विश्वविद्यालय की ऑनलाइन पंजीकरण वेबसाइट पर जाकर 15 जून तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके बाद अभ्यर्थियों को महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश फॉर्म ऑनलाइन भरकर उसकी प्रति आवश्यक अभिलेखों सहित महाविद्यालय में 16 जून 2026 तक जमा करनी होगी।
प्राचार्य ने सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते अपनी प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर लें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। संवाद