बदायूं। ब्लॉक जगत के गुरगांव में बुखार तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं, जिला सर्विलांस अधिकारी भी गांव में पहुंचे। जांच के दौरान एक मरीज डेंगू पॉजिटिव निकला है। वहीं, कैथोला गांव में भी एक डेंगू पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा सात और गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए।
ब्लॉक जगत के गांव नैथू में लगे शिविर में 51 मरीजाें की जांच की गई। उनमें 19 बुखार से पीड़ित मिले। वजीरगंज में 39 मरीजों की जांच की गई। इसमें 32 लोग बुखार से पीड़ित मिले। इसके अलावा अगेई में 36 में से 11 बुखार, सराय बरौलिया में 62 में से 38 बुखार, जगत पिपरी में 48 में से 27 बुखार के मरीज मिले।
इसके अलावा कैथोला गांव में 98 में से 32 बुखार से पीड़ित मिले, जबकि एक डेंगू पॉजिटिव भी मिला। वहीं, गुरगांव में मंगलवार को जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. तहसीन भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बात की। साथ ही लोगों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया। वहीं सातों शिविरों में 389 ओआरएस के पैकेट बांटे गए।
इसके अलावा नगला शर्की गांव में 56 घरों में लार्वा का सर्वे किया गया। इसमें चार घरों में लार्वा धनात्मक मिला। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए जिला व ब्लाॅक स्तरीय संक्रामक रोग नियंत्रण टीम गांव में स्वास्थ्य शिविर लगा रही है।
वजीरगंज में एक बच्चा निकला डेंगू पॉजिटिव
वजीरगंज। कस्बे में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। वार्ड नंबर 10 निवासी राजीव शर्मा का बेटा कुशाग्र भी डेंगू पॉजिटिव मिला है। बच्चे का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
12 अक्तूबर को कस्बे के होली चौक मोहल्ला निवासी अशोक कुमार प्रजापति की पत्नी प्रेमवती (35) की इलाज दौरान मौत हो गई थी। वह डेंगू पॉजिटिव थीं। उधर, सीएचसी सैदपुर के तहत वार्ड-11 में लगे स्वास्थ्य शिविर में 39 मरीजों की जांच हुई, 32 बुखार पीड़ितों को दवा दी गई। डेंगू-मलेरिया जांच भी की गई। शिविर में अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा, कृष्णा, अब्दुल, संजीव, अशोक आदि मौजूद रहे। संवाद
-
कैथोला गांव में कराई गई फॉगिंग
कादरचौक। कैथोला गांव में बुखार के मामले बढ़ने पर एडीओ पंचायत ब्रह्मनारायण शर्मा के नेतृत्व में कीटनाशक का छिड़काव और फॉगिंग कराई गई। मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए नालियों और गलियों की सफाई भी कराई गई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। संवाद
32 मरीजों को दी बुखार की दवा
सैदपुर। स्वास्थ्य विभाग ने अगेही और वजीरगंज में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच की। दोनों शिविरों में 75 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 32 मरीजों को बुखार की दवाइयां दी गईं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा ने बताया कि आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य कर्मियों ने बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच की। वजीरगंज में डेंगू से हुई मौत के बाद बुखार के मरीजों की जांच और समय पर उपचार को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। शिविर में कृष्णा, अब्दुल अहमद, संजीव कुमार, अशोक कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा। संवाद