बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में दबतोरी रोड पर मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई। साथ ही मृतक के भतीजे समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर निवासी रामविलास (32) पुत्र बाबूराम मंगलवार शाम पांच बजे भतीजे कुंवरपाल के साथ घरेलू सामान व सब्जी खरीदने के लिए बाइक से बिसौली गए थे।
वह सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। तभी दबतोरी रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की उनकी बाइक में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में दोनों बाइकों पर बैठे चार लोग दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से रामविलास की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, उनका भतीजा कुंवरपाल व दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह लोग हेलमेट नहीं पहने थे। राहगीरों की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस से उनको जिला अस्पताल भिजवाया। बुधवार को पुलिस ने रामविलास के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। परिजनों ने बताया वह खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। संवाद