शिव शक्ति ओम मंदिर में भक्तों द्वारा किया गया बाबा का शृंगार। संवाद
- फोटो : samvad
बिल्सी। तहसील रोड स्थित शिव शक्ति ओम मंदिर पर मंगलवार को ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगलवार धूमधाम से मनाया गया। यहां पर श्री बालाजी भक्त मंडली की ओर से सबसे पहले सेवादारों ने श्री हनुमान जी महाराज को गंगाजल से स्नान कराया। उसके बाद बाबा का चोला चढ़ाकर सोने-चांदी के वर्क से भव्य शृंगार किया गया। उसके बाद श्रीराम नाम का संकीर्तन किया गया। बाद में आरती पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर अभिषेक देवल, ऋतिक देवल, दीपक देवल, अजय देवगन, मनजीत देवल, भुवनेश लड्डा, दीपक माहेश्वरी, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे। इधर, तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी-खौंसारा स्थित बलदेव धाम पर आचार्य ललित शर्मा और भक्तों ने बालाजी महाराज का भव्य शृंगार कर विशेष चोला चढ़ाया। इसके बाद यहां बाबा के भक्तों ने पूजा-अर्चना कर बाबा का सबामनी भोग लगाया गया। आरती के अलावा यहां सुंदरकांड का पाठ और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उसके बाद यहां सभी को प्रसाद का वितरण किया गया। आचार्य ने कहा कि जो भी भक्त मंगलवार को बाबा पर श्रद्धा के साथ चोला चढ़ाकर पूजा-अर्चना करता है, बाबा उसकी सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करते है। इधर, नगर के मोहल्ला संख्या चार सिरासौल रोड स्थित श्री संकट मोचन दरबार में पंडित संजय शर्मा आदि भक्तों ने बाबा पर चोला चढ़ाकर विशेष शृंगार किया।