सावन का अंतिम सोमवार भले ही गुजर गया लेकिन शिवभक्तों का रेला एक बार फिर से शिवालयों की ओर निकल पड़ा है। शिवतेरस पर बृहस्पतिवार और शुक्रवार को महादेव का जलाभिषेक होगा। बुधवार पूरे दिन शिवभक्त टोलियां बनाकर निकले।
बुधवार को कांवड़ियों की भीड़ पहले जैसी नहीं दिखी। शिवतरेस पर जलाभिषेक के लिए निकले कांवड़ियों पहले जैसे अंदाज में निकल रहे हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर साउंड सिस्टम पर थिरकते शिवभक्तों ने कछला गंगाघाट पर जल भरते वक्त कांवड़ पूजन भी किया। कछला से बदायूं तक हाइवे पर शिवभक्तों की गूंज रही। घंटाघर चौराहे पर शिवभक्तों को दुकानदारों ने जलपान कराया। शिवभक्तों के साथ कलाकारों ने मनमोहक प्रदर्शन कर लोगों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। सुबह में गोला-गोकर्णनाथ के लिए बदायूं का साईकिल सवार शिवभक्तों का जत्था कछला से रवाना हुआ। बता दें कि शिवतेरस बृहस्पतिवार और शुक्रवार दोपहर तक है। ज्यादातर शिवभक्त तो पहले दिन ही जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक का दौर शुक्रवार दोपहर तक चलेगा। कांवड़ यात्रा का समापन पूर्णिमा को शनिवार के दिन होगा।
-----
पुलिस ने अचानक कराया रूट डायवर्जन
उझानी। मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह में कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होते ही पुलिस ने उझानी से कछला तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी। वाहन हालांकि बदायूं रोड पर रुक-रुक कर गुजरते रहे लेकिन अचानक कछला रोड बंद करा दिए जाने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कासगंज, एटा और आगरा आने-जाने वाले वाहन कादरचौक के रास्ते निकलवाए गए। जो बसें यहां तक पहुंच गईं, उन्हें भी मेन मार्केट से पंखारोड से वाया बुर्रा फरीदपुर के रास्ते कादरचौक की ओर मोड़ दिया गया। इसे लेकर बाजार में आवाजाही प्रभावित रही।