गुलड़िया। बदायूं-दातागंज मार्ग पर सोमवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से 62 वर्षीय सुरेश शर्मा की मौत हो गई। वह सुबह चार बजे सड़क पार कर रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के कस्बा गुलड़िया निवासी सुरेश शर्मा पूर्व राज्यमंत्री भूपेंद्र सिंह दद्दा के भट्ठे पर चौकीदार थे। बताते हैं कि वह सोमवार सुबह करीब चार बजे शौच जाने को सड़क पार कर रहे थे। तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह काफी दूर तक घिसटते हुए चले गए। कुछ देर बाद मजदूरों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देखा तो भट्ठा मालिक को सूचना दी गई, जिससे पूर्व राज्यमंत्री के बेटे गुंजन सिंह और उनके पड़ोसी जयपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। वह सुरेश को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरेश के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चला। सोमवार देर रात उनके शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
-
बाइक भिड़ंत में दो घायल
कछला। मथुरा बरेली हाईवे पर द गंगा एकेडमी विद्यालय के सामने सोमवार शाम दो बाइक आमने-सामने से टकरा गईं, जिसमें मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव समसपुर निवासी धीरपाल, सुभाष घायल हो गए। वह अपने गांव से कछला आ रहे थे। तभी अचानक सामने से दूसरी बाइक आ गई। उन्हें उझानी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। संवाद