ब्राडगेज लाइन पर रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूूमिका निभाने वाला सिग्नल कार्य ओके हो चुका है। बदायूं स्टेशन पर बमियाना से कासगंज के बीच का पैनल स्टेशन अधीक्षक को हैंडओवर भी कर दिया गया है। अब रेल दौड़ने का इंतजार है, जिसका काउंट डाउन चल रहा है।
करीब 14 महीने से चल रहा आमान परिवर्तन का काम पूरा होने पर है। पूर्वोत्तर रेलवे केे जीएम इंस्पेक्शन के बाद कार्य में और तेजी लाते हुए फिनिशिंग आदि कार्यों को भी पूरा किया जा चुका है। सिग्नल कार्य को ओके करते हुए इसे स्टेशन अधीक्षक को हैंडओवर भी कर दिया गया है। स्टेशन कर्मियों के अनुसार विधि-विधान तरीके से सिग्नल इंजीनियर ने इसे हैंडओवर किया। स्टेशन अधीक्षक ओमप्रकाश मीना ने बताया कि शुक्रवार को पैनल हैंडओवर हुआ है। बमियाना से कासगंज रेल संचालन के लिए लाइन क्लियर है। अब ट्रेन चलने का इंतजार है।
आखिरी सप्ताह में हो सकता है सीआरएस इंस्पेक्शन
बदायूं। मार्च के आखिरी सप्ताह में ही सीआरएस इंस्पेक्शन की उम्मीद है। हालांकि एनईआर के अधिकारी अभी किसी भी बात पर पुष्टि नहीं कर रहे हैं। वहीं एनई रेलवे के सूत्रों की माने तो आखिरी सप्ताह में ही सीआरएस इंस्पेक्शन तय माना जा रहा है। चूंकि बमियाना से कासगंज के बीच काम पूरा हो चुका है। लिहाजा अब रेल संचालन होना है। वहीं रामगंगा प्वाइंट पर भी जल्द समाधान की उम्मीद है। पीआरओ एनईआर इज्जतनगर राजेंद्र सिंह बताते हैं कि ब्राडगेज लाइन का काम करीब पूरा हो चुका है। सीआरएस इंस्पेक्शन की तारीख निश्चित नहीं हुई है।