बदायूं। सड़कों पर घूम रहे गोवंशों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसको ध्यान में रखते हुए अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया। इसके बाद जिलास्तरीय अधिकारियों ने सड़क पर उतरकर गोवंशों को पकड़वाना शुरू कर दिया है। बुधवार को 16 गोवंश पकड़े गए।
जिले में सड़कों से लेकर खेतों तक में गोवंशों को आतंक है। इन गोवंशों की वजह से किसानों से लेकर आमजन तक परेशान हैं। सितंबर में अभियान चलाया गया। बाद में विभाग फिर से इनको पकड़ना भूल गया है।
इसके बाद कई बार लोग इनको पकड़वाने के लिए मांग कर चुके हैं। लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे थे, अमर उजाला ने इसको गंभीरता से लेते हुए प्रकाशित किया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने गोवंश को पकड़ना शुरू कर दिया है। जिला विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी समदर्शी सरोज अपनी टीम के साथ खुद ही सड़कों पर गोवंश पकड़ने के लिए उतर आए। हालांकि इस दौरान उन्होंने 16 गोवंश पकड़े। इसमें अधिकांश सांड़ को पकड़ा। इनको पास के गोशालाओं में भेज दिया है।