बदायूं। भाजपा नेताओं को एक्स (पूर्व में ट्वीटर) पर आपत्तिजनक शब्द लिखने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव के दियोरी निवासी अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि उनके गांव के युवक सुमित की एक्स पर सुमित यूपी इंडिया के नाम से आईडी है। वह पिछले काफी समय से लगातार भाजपा नेताओं के बारे में आपत्तिजनक शब्द लिख रहा है। क्षेत्रीय विधायक, मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
अनुज ने बताया कि अभी कुछ दिन पहले ही उसने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया था। उसने अनुज के पिता के संबंध में भी गलत शब्द लिखे। इसके बाद उन्होंने आरोपी के खिलाफ दातागंज कोतवाली में जाकर तहरीर दी और कुछ स्क्रीन शॉट भी दिए, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने सुमित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अभी आरोपी पकड़ा नहीं गया है। कोतवाली पुलिस उसे तलाश कर रही है।