इस्लामनगर। बीते बुधवार की रात एक मैरिज लॉन से अगवा किए गए एक वर्षीय बालक सौरभ का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस बालक की बरामदगी के प्रयास कर रही है। पुलिस की चार टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
बालक सौरभ को मैरिज लॉन से एक महिला अगवा कर ले गई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। थाना पुलिस ने संभावित क्षेत्रों और अन्य थानों में संपर्क कर गाड़ी, महिला और बच्चे के फोटो भेजे हैं ताकि कोई जानकारी मिल सके।
पुलिस की कई टीमें इस मामले की जांच में जुटी हैं, जिसमें सर्विलांस और एसओजी के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला फिरौती का प्रतीत नहीं होता है, क्योंकि परिजनों से अब तक फिरौती की कोई मांग नहीं की गई है।
पुलिस ने बच्चे के परिजनों से उनकी किसी से दुश्मनी के बारे में भी जानकारी ली है, हालांकि ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। चर्चा है कि महिला किसी बच्चा चोर गैंग से भी हो सकती है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की बरामदगी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
प्रथम दृष्टया यह मामला फिरौती का प्रतीत नहीं होता। यदि बच्चे को फिरौती के लिए अगवा किया गया होता तो अब तक परिजनों से संपर्क कर फिरौती की मांग की जा चुकी होती। पुलिस घटना का पर्दाफाश करने और बच्चे को जल्द से जल्द बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। - केके तिवारी, सीओ, बिल्सी