गंगा स्वच्छता संकल्प दिवस पर डीएम अनीता श्रीवास्तव ने दिलाई शपथ
घाट पर जुटे अफसरों की देखरेख में निकली जागरूकता रैली
छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दिया स्वच्छता का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गंगा स्वच्छता संकल्प दिवस पर मंगलवार को कछला घाट पर लोगों को साफ-सफाई का संदेश दिया गया। डीएम अनीता श्रीवास्तव ने गंगा की महत्ता और पवित्रता के बावत जानकारी दी। कहा-मानव जीवन में देवत्व का उदय, गंगा की पावन धारा के स्पर्श करने से होता है। गंगा की निर्मल और अविरल धारा उसी स्थिति में बरकरार रहेगी जब लोग सामूहिक रूप से पहल करें।
कछला घाट पर गंगा स्वच्छता संकल्प दिवस कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: उस वक्त हुई जब डीएम अनीता श्रीवास्तव प्रशासनिक अवसरों के साथ पहुंचीं। डीएम ने लोगों को गंगा की स्वच्छता का संकल्प दिलाया। शपथ लेने के लिए घाट समेत आसपास इलाकों के महिलाएं और बच्चे भी जुटे। गंगा की पवित्रता और निर्मलता की प्रशंसा करते हुए डीएम ने कहा- मानव जीवन में गंगा का विशेष महत्व है। पावन जलधारा का स्पर्श करने से ही मानव में देवत्व का उदय हो जाता है। उन्होंने गंगा जल को स्वच्छ बनाए रखने के लिए स्वयंसेवी और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की पहल की तारीफ की। कहा- सभी लोगों को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझते हुए गंगा में गंदगी प्रवाहित नहीं करनी चाहिए। एडीएम एके श्रीवास्तव और तहसीलदार प्रेमनारायण सिंह ने ऋषि और मुनियों की मंशा के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी।
डीएम अनीता श्रीवास्तव और कछला नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पादेवी लौनिया चौहान ने गायत्री परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली घाट के आसपास इलाके में पहुंची। रैली में शामिल बालिकाओं के हाथों में स्वच्छता संदेश लिखी पाट्टिकाएं थीं। देवनागरी इंटर कॉलेज और हरबिलास गोयल इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर ईओ लालचंद्र भारती, भाजपा नेता जगदीश सिंह लौनिया चौहान, जिला समन्वयक डीपी सिंह, शिववंदा सिंह, शोभा जौहरी, सीमा गुप्ता, संजीव शर्मा, सुखपाल शर्मा, संकेत शर्मा, माया सक्सेना, वाईके सिंह, राममोहन शर्मा, गोपाल शर्मा, शिशुपाल सिंह, ओमबाबू नागेंद्र, रधुनाथ, रामप्रसाद सौरभ, शैलेंद्र कबीर और अनिल यादव मौजूद थे।
00000000
चकाचक दिखा कछला गंगाघाट
उझानी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर मनाए गए गंगा स्वच्छता संकल्प दिवस पर डीएम समेत जिले के प्रमुख अफसरों के पहुंचने से पहले ही कछला गंगाघाट को एक दिन पहले से ही विशेष अभियान चलाकर नगर पंचायत प्रशासन ने साफ करा दिया था। घाटों से गंदगी के ढेर भी हटवा दिए गए। मंगलवार सुबह से सफाई कर्मियों ने निगरानी रखी। घाट पर रहकर प्रसाद आदि की बिक्री से आजीविका चलाने वाले लोग भी काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा भी कि अगर ऐसे ही सभी लोग सजग रहे तो गंगा के प्रति आकर्षण बढ़ता जाएगा।