बदायूं। गंगा के साथ ही रामगंगा भी उफान पर है। गंगा नदी खतरे के निशान से 41 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। शनिवार को नरौरा से तीन लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। वह पानी एक दिन बाद यहां पहुंचेगा तो स्थिति और खराब हो सकती है।
अब तक बढ़े जलस्तर के कारण गंगा व राम गंगा किनारे के नौ गांव टापू बन चुके हैं। साथ ही कुल 37 गांवों में पानी घुस गया है। कई सड़कें कट गई हैं। इनसे 16 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। शहर के उत्तर से होकर गुजर रही रामगंगा और दक्षिण में गंगा उफनाई हुई है। सहसवान के खागी नगला, तोफिया नगला, भमरौलिया, वीरसहाय नगला, उसहैत के जटा व दातागंज क्षेत्र के गांव कटकोरा, देवरनियां, नवादा बदन, गढि़या पैगम्बरपुर टापू बन गए हैं। नरौरा डैम से छोड़ा गया पानी अगले दिन बदायूं पहुंचेगा तो गंगा का जलस्तर और बढ़ेगा। इससे दातागंज और सहसवान के कई और गांवों में पानी भर जाने का डर सताने लगा है।
-
रक्षा सूत्र बांधने नहीं जा सकीं बहनें
उसहैत। क्षेत्र के 13 गांवों में पानी भरा हुआ है। इन गांवों की बहनें अपने भाइयों को रक्षा सूत्र बांधने नहीं पहुंच सकी हैं। क्षेत्र के अहमद नगर बछौरा, बल्ले नगला, बेहटी, ठकुरी नगला, जटा, कमले नगला, रैपुरा, कदम नगला, कमलईयापुर, दल नगला, जसवंत नगला, प्रेमी नगला, सिठौली खाम का संपर्क टूट गया है। चारों तरफ पानी भरा है। पानी का बहाव देखकर लोग सहमे हुए हैं। करीब पांच हजार लोग प्रभावित हैं। संवाद
-
गांव में भरा पानी, छतों पर जिंदगी गुजार रहे ग्रामीण
उसहैत। जटा गांव में पानी भर गया है। यह हालात चार दिन से हैं। गांव के हब्बन खां, मुशीर खान, नबजीना ने बताया कि वह घरों की छतों पर रह रहे हैं। सूखी लकड़ी और ईंधन की कमी का संकट है। पीने का पानी नहीं मिल रहा है। खेत-खलिहान पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मवेशियों के लिए चारे का संकट है। कई घरों में जानवर पानी में ही खड़े-खड़े दिन गुजारने को मजबूर हैं। मुख्य रास्ते पानी में डूबे होने से बाहर आना-जाना भी संभव नहीं है। बाढ़ से उनकी दिनचर्या, आजीविका और बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है। अब उनकी उम्मीद केवल पानी घटने और मदद मिलने पर टिकी हुई है। संवाद
दातागंज के 20 गांव बाढ़ की चपेट में
दातागंज। क्षेत्र के करीब 20 गांवों में रामगंगा का पानी भरा है। चार गांव कटकोरा, देवरनियां, नवादा बदन, गढि़या पैगम्बरपुर पानी से चोरों ओर से घिर गए हैं। इसी के साथ कटक, बिहारीपुर अजब, कुंडरा मजरा, जलेवी नगला, नगला देवेंद्र सिंह, नगला, सुखपाल सिंह, भेड़ा, लालपुर खादर, शेर पुर, मौजमपुर, पूरन भेड़ा, पट्टी विजा, हर्रामपुर गांवों को जाने वाले मार्ग बाढ़ की चपेट में हैं। क्षेत्र के करीब 10 हजार लोग प्रभावित हैं। बाढ़ का पानी लगातार कटान कर रहा है। संवाद
-
वीरसहाय नगला की गलियों चल रही नाव, दो से तीन फिट तक भरा पानी
सहसवान। गंगा में आई बाढ़ से सहसवान क्षेत्र के गांव वीरसहाय नगला में दो से तीन फिट तक पानी भर गया। गलियों में नाव चल रही है। घर, आंगन और गलियां जलमग्न हो गई हैं। तीन दिनों से लगातार बढ़ते पानी से कई परिवार घर छोड़कर स्कूलों में शरण लिए हैं। कुछ छतों पर रह रहे हैं। गांव से बाहर निकलने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा है।
बाढ़ आई तो कई परिवार जरूरी सामान, कपड़े और अनाज की बोरियां सिर पर रखकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा दिए हैं। जिनके घरों में ऊपरी मंजिल नहीं है, वे दूसरी जगहों पर पनाह ले रहे हैं। खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह पानी में डूबकर बर्बाद गई है। गांव के विजय कुमार, रामभरोसे, लोकमन, श्याम सिंह आदि का कहना है कि बाढ़ ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी ही नहीं, रोजी-रोटी पर भी गहरा असर डाला है। गांव के कई रास्ते बंद हो गए हैं। पीने के पानी से लेकर दवाओं तक का संकट है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और बीमारों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती है। प्रशासन की ओर से अब मदद की जा रही है तो उससे कुछ राहत मिली है। साथ ही खागीनगला, तोफिया नगला भमरौलिया व वीरसहाय नगला चार गांवों के करीब 15 सौ लोग प्रभावित हैं। संवाद
-
कोट,
- रामगंगा में पानी तेजी से बढ़ रहा है। गांव के रास्ते बंद होते जा रहे हैं। प्रभावित लोगों को खाद्य सामग्री बांटने का काम किया जा रहा है। पानी बढ़ने पर ग्रामीणों को शरणार्थी शिविरों में रखा जाएगा। लगातार लोगों को गांवों से सुरक्षित घरों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। - धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम, दातागंज
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD
गांव वीरसहाय नगला में भरा पानी , जाते ग्रामीण। संवाद- फोटो : SAMVAD