बारिश में ढहा नाला। स्रोत: ग्रामीण
- फोटो : samvad
उझानी। कादरचौक क्षेत्र के गांव बमनौसी में पंचायत घर के पास आठ दिन पहले बनकर तैयार नाला पहली बारिश भी नहीं झेल पाया। पानी भरते ही उसकी दीवार ढह गई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अफसरों को शिकायत भेजी है।
सड़क किनारे नाला निर्माण तीन सप्ताह पहले शुरू हुआ था। आठ दिन पहले निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार ने नाले से होकर जल निकासी शुरू करा दी थी। मंगलवार सुबह झमाझम बारिश होने पर नाले के आसपास पानी भर गया। ग्रामीणों ने खुद की मशक्कत कर बारिश के पानी का रुख खेतों की ओर मोड़ दिया, लेकिन शाम करीब छह बजे नाले की दीवार ढह गई। नाला निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल भी उठाए। भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने फोन करके अफसरों से भी शिकायत की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य की विशेषज्ञों की टीम से जांच कराई जाए। दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत के बाद ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर नाले का मलबा हटवाना शुरू कर दिया है। संवाद