बदायूं। जिलेभर की जमीनों का सर्किट रेट 10 मई से 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा। इससे जमीनों की रजिस्ट्री कराने का खर्च बढ़ जाएगा। इसको लेकर निबंधन कार्यालय ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। डीएम की स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने प्रदेशभर की जमीनों के सर्किल रेट को रिवाइज करने के निर्देश दिए थे। उसी क्रम में डीएम के निर्देश पर सहायक महानिरीक्षक निबंधक व एडीएम वित्त एवं राजस्व की टीम ने काम शुरू कर दिया। सभी एसडीएम से प्रस्तावित सर्किल रेट मांगे गए। एक माह तक हुए सर्वे के बाद तहसीलों से रिपोर्ट आ गई। इसमें 15 से 20 प्रतिशत तक जमीनों के दाम बढ़ाने की एसडीएम ने संस्तुति की।उसके बाद प्रशासन की ओर से 28 अप्रैल तक सर्किल रेट की सूची पर आपत्ति मांगी थीं। इसमें सिर्फ एक ही आपत्ति आई। प्रशासन ने उसे निस्तारित कर दिया है। अब नए सर्किल रेट की लिस्ट लगभग फाइनल हो गई है।
2022 में तय हुआ था सर्किल रेट
जिले में 11 नवंबर 2022 को सर्किल रेट तय किए गए थे। उसके बाद से सर्वे नहीं हुआ। इसमें दातागंज चुंगी तिराहे से कलेक्ट्रेट के बीच पटेल नगर, जवाहरपुरी, प्रभातनगर, सिविल लाइन, लोहिया नगर में सड़क से 20 वर्गमीटर की गहराई तक जमीन के दाम 55 हजार रुपये तय किए गए थे। अब नए सर्किल रेट के हिसाब से इन जमीनों में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी जाएगी तो वह 61 हजार रुपये तक हो जाएंगे।
जितनी ज्यादा चौड़ी सड़क, उतना ज्यादा कीमत
दातागंज तहसील में अक्टुइयां, अकबरपुर, अगोड़ी, अजरऊ, अटेना खाम, अठर्रा पुख्ता, अंधरऊ, अंगेसी, अंगदपुर, अफजलपुर कलां, अफजलपुर खुर्द, अभयपुर में सात मीटर से कम चौड़ी सड़क पर अकृषक भूमि व सात मीटर या उससे अधिक या 15 मीटर तक चौड़े रास्ते और 15 मीटर से अधिक चौड़े रास्ते पर प्रति वर्ग के हिसाब से 10 से 20 फीसदी तक सर्किल रेट में बढ़ोतरी हो जाएगी।
सदर तहसील की यह जमीन भी होंगी महंगी
नवादा चौराहे से पुरानी चुंगी तिराहा के बीच खेड़ा बुजुर्ग, कृष्णा पार्क, शहबाजपुर, श्यामनगर और पुरानी चुंगी तिराहा से दातागंज चुंगी तिराहा के बीच नई सराय नई बस्ती, शहबाजपुर, लोची नगला, कल्यान नगर का सर्किल रेट बढ़ेगा। टिकटगंज, लालपुर चौराहे से मढ़ई चौक तक नागरान, चौधरी सराय, सराय फकीर, चौधरीगंज, कलेक्ट्रेट चौराहे से लावेला चौक तक शिवपुरम, जालन्धी सराय, सिविल लाइन, लावेला चौक से सकरी क्लीनिक गांधी ग्राउंड मंदिर वाला चौराहा होते हुए सुभाष चौक तक कटरा ब्राहमपुर, जोगीपुरा, पनबाड़ी, शहबाजपुर, मुस्तफागंज सहित अन्य क्षेत्रों की जमीनों के दाम में इजाफा होगा।
राजेंद्र नगर कॉलोनी के दाम हुए निर्धारित
राजेंद्र नगर कॉलोनी के एक व्यक्ति ने आपत्ति दी थी। इसमें बताया गया था कि बहारी चुंगी के राजेंद्र नगर कॉलोनी का निर्धारण नहीं हुआ है। इस पर आईजी स्टांप ने काॅलोनी का नई सर्किल के हिसाब से रेट तय कर दिया है।
-
किसी जमीन में कितने प्रतिशत की होगी बढ़ोतरी
व्यावसायिक जमीन-15 प्रतिशत
कृषि भूमि- 18 प्रतिशत
आवासीय जमीन- 19 प्रतिशत
नए सर्किल रेट की सूची तैयार हो गई है। 10 मई से इसे लागू करने की पूरी संभावना है। एक आपत्ति आई थी। उसे निस्तारित कर दिया गया। - सीपी मौर्या, सहायक महानिरीक्षक निबंधक