बदायूं। अब डाकिया केवल चिट्ठी ही नहीं बांटेंगे, बल्कि बच्चों का आधार कार्ड भी घर-घर जाकर बनाएंगे। डाक विभाग ने ग्राहकों की सुविधा के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत पांच वर्ष तक के बच्चों का नया आधार कार्ड घर बैठे बनवाया जा सकेगा। इसके साथ ही आधार कार्ड में मोबाइल नंबर जोड़ने और अपडेट करने की सुविधा भी अब डाकिया आपके घर पर उपलब्ध कराएंगे। जिले में एक सप्ताह में यह प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
इसके लिए जिले में तैनात पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवकों को प्रशिक्षण दिया गया है। अब वे घर-घर जाकर आधार कार्ड बनाने और उसमें जरूरी सुधार का कार्य करेंगे। विभाग का कहना है कि इस पहल से खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले परिवारों को बहुत सुविधा होगी। पांच वर्ष तक के बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए अब अभिभावकों को डाकघर जाने की जरूरत नहीं है।
पोस्टमैन घर पर आकर जरूरी दस्तावेज देखकर आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। बच्चों का बायोमैट्रिक पांच साल पूरे होने के बाद अपडेट किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस नई व्यवस्था से लोगों को समस्या नहीं होगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग अपने बच्चों का आधार आसानी से बनवा पाएंगे। साथ ही, आधार में मोबाइल नंबर जोड़ने और अपडेट कराने के बाद ओटीपी आधारित सुविधाएं जैसे बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।
डाक विभाग की नई पहल
डाक विभाग लगातार नई सुविधाएं ग्राहकों तक पहुंचा रहा है। पहले जहां पोस्ट ऑफिस में ही आधार कार्ड से जुड़ा काम होता था, वहीं अब घर बैठे यह सुविधा मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विभाग का मानना है कि इससे आधार कार्ड का कवरेज और भी मजबूत होगा।
-
- जिले में करीब 120 डाकिया है। वह पांच साल तक के बच्चों का उनके घर पर ही जाकर आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे हैं। इसके लिए इन सभी को प्रशिक्षित भी किया गया है। - एनके दुबे, डाक अधीक्षक, बदायूं