नींब करौरी बाबा की प्राण प्रतिष्ठा
बाबूराम धर्मशाला के मंदिर में सोमवार को पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम की गूंज रही। अनुयाइयों ने साईं पालकी के साथ नींब करौरी महाराज की प्रतिमा की शोभयात्रा निकाली। ढोल-नगाड़े की धुन पर थिरकते भक्तों ने उनका गुणगान भी किया। मंदिर परिसर में बाबा नींब करौरी की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
बाबा नींब करौरी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा के लिए धार्मिक कार्यक्रम की शुरूआत सुबह में हुई। पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल ने आयोजकों के साथ मंदिर में पूजन किया। मंदिर परिसर से साईं पालकी के साथ बाबा की शोभायात्रा स्टेशन रोड, घंटाघर और बिल्सी रोड बाजार होकर साहूकारा और किलाखेड़ा मोहल्ले में भी पहुंची। शोभायात्रा में शामिल भक्तों ने साईं और नींब करौरी महाराज का गुणगान किया। बैंडबाजों की धुन पर भजनों की धुन पर युवक थिरकते नजर आए। रास्ते में दुकानदारों ने शोभायात्रा का स्वागत भी किया।
शोभायात्रा अपराह्न में मंदिर लौटकर धार्मिक कार्यक्रम के रूप में विसर्जित हुई। शाम को साईं संध्या में भक्ति संगीत की बयार में भक्त सराबोर हो गए। शोभायात्रा समेत धार्मिक कार्यक्रम में कृष्ण गोपाल गुप्ता, रामकिशोर, कृष्ण भगवान, बृजकिशोर, देवेंद्र मोहन, मोनी, पलक, पुष्पा, शकुन, राहुल वार्ष्णेय, विष्णुगोपाल, धर्मेंद्र वार्ष्णेय और त्रिलोकीनाथ बांगड़ा आदि मौजूद थे।