बदायूं। रविवार को शारदीय नवरात्र के अष्टम दिन मां महागौरी की पूजा अर्चना की गई। महिलाओं ने प्राचीन नगला मंदिर में विधि विधान के साथ मां महागौरी का पूजन किया। चुनरी, फल, फूल, मिष्ठान व अन्य सामग्री भेंटकर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
माता महागौरी सृष्टि की आधार और अक्षत सुहाग की प्रतीक हैं। सौभाग्य, धन, संपदा, सौंदर्य को प्रदान करने वाली हैं। वह भक्तों की सभी मनोकामना पूर्ण करती हैं और दुखों को हरने वाली हैं। रविवार को देवी पूजन का आठवां दिन था। मां महागौरी की पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालु सुबह से ही नगला मंदिर पहुंच गए। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां की विधि विधान से पूजा और बच्चों व परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
बिल्सी। नगर के बिजलीघर रोड स्थित नव दुर्गा मंदिर, देववाणी, शिव शक्ति भवन मंदिर, हनुमानगढ़ी आदि मंदिरों में भक्तों की काफी भीड़ रही। महाअष्टमी के दिन दुर्गा सप्तशती का पाठ करने से व्यक्ति को विशेष फल की प्राप्ति होती है।
उसावां। आठ दिनों तक माता रानी का व्रत रखने वाले मां भगवती के भक्तों ने दुर्गा अष्टमी पर ब्राह्मणों को घर बुलाकर विधिविधान से हवन कराया तो कुछ भक्तों ने दुर्गा माता मंदिर पर हवन किया। सोमवार को व्रत के परायण पर कन्याओं को भोजन कराया जाएगा।