बदायूं रोड बाजार में अधूरा पड़ा नाला दुकानदारों की मुसीबत बन गया है। नाले के पानी के निकास के लिए दुकानदारों ने ठेकेदार से संपर्क साधा, तो उसने टेंडर कम धनराशि का बताकर उसे पूरा कराने से इंकार कर दिया। गंदा पानी फुटपाथ पर बहते रहने से ग्राहकों को दुकान तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
प्राइवेट बस स्टैंड के आसपास छह माह पहले सड़क के दोनों छोर पर नाला निर्माण कराया गया था। टाकीज वाले छोर पर नाला बन गया, लेकिन लिंक रोड मोड़ वाली साइड से निजी अस्पताल तक प्रस्तावित नाले को रामकुमार की दुकान तक ही बनाया गया। हालांकि निजी अस्पताल के सामने नाली है, लेकिन ठेकेदार ने उसे नाली से जोड़ने की बजाय नाला निर्माण अधर में ही छोड़ दिया। दुकानदार मुशीर, पप्पू और इसहाक ने बताया कि ठेकेदार ने टेंडर की धनराशि कम बताकर नगर परिषद प्रशासन से बात करने की सलाह दे डाली। बुधवार को कई दुकानदार नगर परिषद कार्यालय भी पहुंचे। उन्होंने पालिका कर्मियों के सामने अपनी दिक्कत भी बयां की।
नाला निर्धारित स्थान तक ही बना है, लेकिन आगे चलकर नाली तक उसका पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मामला उनके संज्ञान में पहुंचा तो मौका मुआयना भी किया गया। बाकी बचे स्थान पर नाले के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है।
- विनय सक्सेना, अवर अभियंता, नगर परिषद।