वजीरगंज। नगर पंचायत वजीरगंज के विकास के लिए बड़ी सौगात मिली है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों से शासन से कस्बे के लिए करीब 3.5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिससे सड़कों, नालों, बाजार और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा।
यह धनराशि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत नगर के समग्र विकास के लिए उपलब्ध कराई गई है। इससे कई मोहल्लों में सड़क निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और पथ प्रकाश जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। धनराशि स्वीकृत होने से नगरवासियों में खुशी का माहौल है।
फूड स्ट्रीट हब एवं साप्ताहिक बाजार का होगा निर्माण
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत वजीरगंज में फूड स्ट्रीट हब एवं साप्ताहिक बाजार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा नगर पंचायत कार्यालय परिसर में एक दर्जन वाणिज्यिक दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
जल निकासी के लिए कराया जाएगा नाला निर्माण
विधायक ने बताया कि सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत विभिन्न स्थानों पर नाला निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसमें कब्रिस्तान मोड़ से आंवला रोड की ओर, दिलशाद की दुकान से हजन की पुलिया तक, रामावतार की दुकान से बिसौली रोड की ओर तथा खतरा मोड़ से राम अवतार वार्ष्णेय की दुकान तक आईसीसी नालों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा आसरा आवास के पास भी जल निकासी के लिए नाला बनाया जाएगा।वहीं दीनदयाल योजना के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों में सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 6, 9, 13 और 4 में प्रमुख मार्गों का निर्माण कार्य किया जाएगा, साथ ही पूरे नगर में पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नए पोल लगाए जाएंगे।