गिरफ्तार स्टंटबाज आकाश। स्रोत: पुलिस
उझानी। कछला में रेलवे पुल से गंगा में कूदने के स्टंट वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। वह नगर पंचायत कार्यालय में आउटसोर्सिंग कर्मचारी है।
गिरफ्तार युवक आकाश पुत्र अनेकपाल कछला कस्बे के वार्ड सात का निवासी है। पुल से गंगा में कूदने के स्टंट उसने पिछले दिनों किए थे। स्टंट की वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिए थे। वीडियो वायरल भी हुए। इसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। सीओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि आकाश गोताखोर भी है। गिरफ्तारी के बाद आकाश से कोतवाली में पूछताछ की गई। उसने बताया कि स्टंट 20 और 24 जून को किए थे। इसके बाद आकाश ने इंस्टाग्राम से वीडियो डिलीट कर दिए हैं। स्टंट करने में आकाश को अन्य साथियों का भी सहयोग मिला है। उसने अपने साथियों के नाम भी कछला चौकी के पुलिस कर्मियों को बता दिए हैं।