बदायूं। जामा मस्जिद के मुकदमे में सिविल जज सीनियर डिवीजन विजय कुमार गुप्ता के पदोन्नति होकर दूसरे कोर्ट में पहुंचने के कारण बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। न्यायालय की ओर से अगली सुनवाई के लिए 21 फरवरी की तारीख लगा दी गई है। पिछली तारीख पर हिंदू महासभा की ओर से जामा मस्जिद का निरीक्षण कराने को पत्र दिया गया था। इस पर इंतजामिया कमेटी की ओर से अभी कोई एतराज नहीं आया है। संभवत: अगली सुनवाई के दौरान उनकी ओर से एतराज दाखिल हो सकता है।
शहर के जामा मस्जिद का मुकदमा सिविल जज सीनियर डिवीजन विजय कुमार गुप्ता की अदालत में चल रहा था। अब उनकी पदोन्नति हो गई है। विजय कुमार गुप्ता सिविल जज सीनियर डिवीजन से एडीजे हो गए हैं। अभी उनके स्थान पर नए जज की तैनाती नहीं हुई है। इससे बुधवार को कोर्ट खाली था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान हिंदू महासभा के वकील वेदप्रकाश साहू, विवेक रैंडर और मुकेश पटेल समेत कई लोग पहुंचे। इंतजामिया कमेटी जामा मस्जिद के वकील भी पहुंचे। पिछली तारीख पर हिंदू महासभा ने सीधे तौर पर जामा मस्जिद का निरीक्षण कराने की मांग करते हुए आवेदन किया था।
हिंदू महासभा का कहना था कि न्यायालय की ओर से मस्जिद का निरीक्षण कराया जाए, जिससे उसकी वर्तमान स्थिति पता चल सके। इससे पहले हिंदू महासभा ने जामा मस्जिद में ईशान मंदिर और राजा महीपाल किले के अवशेष होने का दावा किया था। उन्हीं अवशेषों को लेकर निरीक्षण कराने की मांग की गई थी। इस पर न्यायालय ने इंतजामिया कमेटी को अपना एतराज दाखिल करने के लिए एक फरवरी की तारीख तय की थी लेकिन बुधवार को उनकी ओर से कोई एतराज नहीं आया। इसके अलावा बुधवार को मामले में सुनवाई भी नहीं हो सकी। अगली सुनवाई के लिए 21 फरवरी तारीख दे दी गई है।
अगली तारीख तक आ सकते हैं नए जज
जामा मस्जिद के मुकदमे में लगातार सुनवाई चल रही है। न्यायालय भी एक-एक बिंदु को गंभीरता से सुन रहा है लेकिन बुधवार को सिविल जज सीनियर डिवीजन के पदोन्नति होने से थोड़ा विराम लग गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगली तारीख तक नए जज की तैनाती हो सकती है। तभी इस मुकदमे की सुनवाई को रफ्तार मिलेगी।