इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के गांव मोजुद्दीनगर ढकनगला देव मठ पर शनिवार को महिला वेश में रहने वाले सखी बाबा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जिस हत्यारोपी रामवीर को तलाश कर रही थी उसका शव मंगलवार को संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र में कैल गांव के पास जंगल में नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। इसी गांव में उसकी बेटी भी ब्याही थी।
संभल जिले के गुन्नौर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-बबराला रोड पर गांव कैल के पास जंगल में नीम के पेड़ पर मंगलवार सुबह गांव के लोगों ने शव लटका देखा। इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतारा तो जेब में मिले आधार कार्ड से शिनाख्त कर ली। पता लगा कि शव इस्लामनगर के गांव मौजुद्दीनगर अल्लाहपुर समसपुर निवासी रामवीर सिंह पुत्र झाऊ का है। उसके खिलाफ इस्लामनगर थाने में सखी बाबा की हत्या का मामला दर्ज है। बताया जाता है कि हत्या के मामले में नामजदगी के कारण रामवीर डरा हुआ था। इसी के चलते उसने खुदकुशी कर ली। बहजोई में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पत्नी पर जादू टोना करने के शक के कारण मार डाला था बाबा को
रामवीर का एक बड़ा भाई काले है। काले अविवाहित है। रामवीर की दो बेटियों की शादी हो चुकी है। काफी समय से रामवीर की पत्नी काले के संपर्क में है। काले का सखी बाबा के पास आना जाना था। ऐसे में रामवीर को शक था कि सखी बाबा ने उसकी पत्नी पर कुछ जादू-टोना किया है। इसी को लेकर वह सखी बाबा से रंजिश रखता था। शनिवार सुबह वह देव मठ में पूजा करने पहुंचा और वहां मौका पाकर चाकुओं से गोदकर सखी बाबा की हत्या कर दी। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, इसलिए उसने मंगलवार को जान दे दी। इंस्पेक्टर गुन्नौर संजीव कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या का मामला है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मृतक इस्लामनगर में तीन दिन पहले हुई सखी बाबा की हत्या के मामले में नामजद आरोपी है।
तो बेटी के घर पर छिपा था रामवीर
रामवीर की दो बेटियों में से एक संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव कैल की मढ़ैया में रहती है। यहां उसका शव मिलने से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि सखी बाबा की हत्या के बाद वह संभवत: अपनी बेटी के यहां या फिर कहीं आसपास छिप गया होगा। पुलिस का दबाव बढ़ने पर उसने डर के कारण आत्महत्या कर ली।
मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त की गई है। पता चला कि वह इस्लामनगर में हुई साधु की हत्या के मामले में नामजद था। लग रहा है कि वह कैल में बेटी की ससुराल में छिपकर रह रहा था। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। - चक्रेेश मिश्रा, एसपी संभल